Showing posts with label डी.के. सचदेव 'मुफ़लिस'. Show all posts
Showing posts with label डी.के. सचदेव 'मुफ़लिस'. Show all posts

Wednesday, 29 April 2009

डी.के. सचदेवा 'मुफ़लिस' की एक ग़ज़ल


संक्षिप्त परिचय:
नाम: डी.के.सचदेवा. तख़ल्लुस: 'मुफ़लिस'
आप काव्य-पुस्तकों पर समीक्षा, ग़ज़ल, दोहे, कविता आदि लिखते रहते हैं. पिछले दिनों देहरादून से प्रकाशित साहित्यिक पत्रिका 'सरस्वती-सुमन' के गज़ल-विशेषांक का सम्पादन किया है और उस पत्रिका के सम्पादन-परामर्श मण्डल के सदस्य हैं. पत्रिका 'भाषा वाहिनी' और 'दमयंती' में विशेष योगदान और राष्ट्र स्तर की विभिन्न संस्थाओं द्वारा सम्मानित।
सम्प्रति: बैंक कर्मी

ग़ज़ल
हुआ जो आज फिर इक हादसा, तो सोचना कैसा
अना ही मर चुकी हो, तो भला कैसा बुरा कैसा

दग़ा, मतलब -परस्ती, और ख़ुद-गर्ज़ी, रियाकारी,
हुआ इंसान अपने आप में ही मुब्तिला कैसा

मसाईल है अगर कोई, चलो, आपस में निपटा लें,
कोई दूजा भला आकर करेगा फ़ैसला कैसा

निभा पाए न हम दोनों ही आपस-दारियां अपनी,
मुझे तुम से गिला कैसा, तुम्हें मुझ से गिला कैसा

न हों ये सरहदें, नक्शे, न हों चालें सियासत की
दिलों से ही मिटा दो दूरियां, तो फ़ासला कैसा

फ़क़त हिन्दू मुसलमां हैं, नहीं इंसान अब कोई
किताबों से अयाँ होने लगा अब फलसफा कैसा ?

मिला सब कुछ ख़ुदा के फ़ैज़ से इंसान को, लेकिन,
नशे में चूर ये इंसान कहता है, ख़ुदा कैसा ?

न जाने और कितनी बस्तियों में आग फैलेगी ,
तशद्दद और दहशत का चला ये सिलसिला कैसा

फ़क़त इक जिस्म बन कर रह गया है आज का इन्सां,
बिना एहसास जे भी जी रहा है, सानिहा कैसा !

न रस्मो-राह आपस में, न पहली-सी मुहोब्बत है,
नयी तहज़ीब पर 'मुफ़लिस' करे अब तब्सिरा कैसा.

मुफ़लिस
लुधिआना, पंजाब, भारत .

अगला अंक: 9 मई 2009
महावीर शर्मा की दो ग़ज़लें