'मंथन' और 'महावीर' के संपादकों और पंकज सुबीर की ओर से
राखी के मंगलमय पर्व
पर सभी बहनों और भाईयों को शुभकामनाएं
सीहोर, मध्यप्रदेश का नाम आते ही पंकज सुबीर जी का नाम स्वत: ही ज़बान पर आजाता है जो कवि सम्मेलन के मंचों पर ओज की कविताओं के माध्यम से पहचाने जाते हैं । अब तक सुबीर जी की सौ से ज्यादा साहित्यिक रचनाएँ कहानियाँ, कविताएँ, ग़ज़लें, लेख तथा व्यंग्य लेख आदि देश भर की शीर्ष साहित्यिक पत्रिकाओं हंस, वागर्थ, नया ज्ञानोदय, कथाक्रम, आधारशिला, जबात, सेतु, लफ़्ज़, संवेद वाराणसी, समरलोक, कादम्बिनी, अर्बाबे कलम और समाचार पत्रों के साहित्यिक पृष्ठों में प्रकाशित हो चुके हैं। इन्टरनेट पर सुबीर संवाद सेवा के द्वारा ग़ज़ल की कला सिखाने की निःशुल्क सेवा को भुलाया नहीं जा सकता. कितने ही नवकुसुम ग़ज़लकार सुबीर जी के आशीर्वाद से ग़ज़ल की दुनिया में अपना अस्तित्व देख रहे हैं.
प्रकाशित रचनाएँ: आचार्य रामधारी सिंह दिनकर स्मृति न्यास दिल्ली द्वारा प्रकाशित स्मारिका में दो वर्षों से संस्कृति के चार अध्याय पर शोध पत्र प्रकाशित । पार्श्व गायिका सुश्री लता मंगेशकर पर लिखे गये कई शोधात्मक लेख पत्र पत्रिकाओं में प्रकाशित । कहानी आंसरिंग मशीन का पंजाबी में तथा घेराव का तेलगू में अनुवाद किया गया है । वर्ष 2009 में प्रथम कहानी संग्रह ईस्ट इंडिया कम्पनी का प्रकाशन भारतीय ज्ञानपीठ द्वारा किया गया।
प्रकाशाधीन: एक कहानी संग्रह शिवना प्रकाशन के माध्यम से
प्रकाशनाधीन । भागो ह्यूरोज़ आया, उपन्यास पर कार्यरत । एक व्यंग्य संग्रह बुध्दिजीवी सम्मेलन, तथा खंड काव्य तुम्हारे लिये प्रकाशन की प्रक्रिया में।
सम्मान: संकल्प पत्रिका के संपादन के लिये मध्यप्रदेश सरकार द्वारा सम्मान । हंस में प्रकाशित कहानी और कहानी मरती है के लिये प्रगतिशील लेखक संघ द्वारा सम्मान प्रदान । पंडित जनार्दन शर्मा स्मृति कविता सम्मान । कहानी संग्रह ईस्ट इंडिया कम्पनी ज्ञानपीठ नवलेखन के लिये अनुशंसित।
ये गीत एक पत्र है जो परदेस में रहने वाली एक बेटी अपने मायके भेज रही है।
पत्र भेजने के लिए उसने हरकारे के रूप में चयन किया है सावन के बादल को।
और उसको एक एक कर संदेस दे रही है कि मायके में जाकर उसको क्या क्या
करना है और किस किस से क्या कुछ कहना है। ये बेटी इस बार राखी पर
अम्मा के घर नहीं जा पा रही है। और एक एक करके प्रतीकों के मध्यम से
उसको याद आ रही है सबकी।
ओ सावन के बादल जाकर देना इतनी सिर्फ निशानी ।
भय्या के हाथों को छूकर देना इन आंखों का पानी ॥
बाबूजी से पीर मेरी कोई भी मत कह देना सुन ले ।
कहना गुड्डी बिटिया तो हो गई है अब ससुराल की रानी ॥
मेरा नाम सुनेंगीं जब तो हुलस हुलस कर वो रोऐंगीं ।
अम्मा की आंखों से ममता बह निकलेगी बनकर पानी॥
पिंजरे का हीरामन अब भी गुड्डी-गुड्डी रटता होगा ।
कह देना तेरी वो गुड्डी हो गई है अब बहू सयानी॥
घर के इक कोने में मेरी गुड़िया भी रक्खी हो शायद।
कहना याद बहुत आती है तेरी लाडो बिटिया रानी ॥
अमरूदों के बाग में जाकर माली काका से कहना ये।
चोरी के अमरूदों की यादें हैं अब तो सिर्फ कहानी ॥
पिछवाड़े के नीम पे झूला डाला होगा काकाजी ने ।
उस झूले पर बैठ हुमकना पुरवय्या होगी मस्तानी ॥
नदिया के कानों में थोड़ा शरमा कर ये बतला देना।
आते माघ पूस तक बन जाएगी तू अम्मा से नानी ॥
आंगन के तुलसी चौरे पर कर आना तू संजा बाती ।
और कहना आशीष बनाए रखना तुलसी माता रानी।।
पंकज सुबीर
स्वतंत्रता-दिवस अंक
१० अगस्त २००९
नेता जी सुभाष चंद्र बोस, चंद्र शेखर 'आज़ाद'
और जाँ निसार अख्तर की रचनाएँ